बड़ागांव में मुठभेड़, 25 हजार का इनामी गौ-तस्कर गिरफ्तार
वाराणसी। बड़ागांव थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार को मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये का इनामी कुख्यात गौ-तस्कर गोविंद सिंह को दबोच लिया। वह कैमूर, बिहार का निवासी है। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार गोविंद सिंह का पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में नेटवर्क फैला हुआ है। उसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में गौ-तस्करी से जुड़े आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में उसने उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल तक फैले गौ-तस्करी नेटवर्क की जानकारी दी है।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि उसने गौ-तस्करी का धंधा “स्पॉटर” के रूप में शुरू किया था और धीरे-धीरे ट्रांसपोर्टर बन गया। फिलहाल पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की पहचान कर ली है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।




