काशी की गंगा आरती ने मोह लिया मॉरीशस के प्रधानमंत्री का मन
वाराणसी। गुरुवार की शाम दशाश्वमेध घाट की छत पर आयोजित गंगा आरती ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम को भाव-विभोर कर दिया। वे अपनी पत्नी और 70 सदस्यीय दल के साथ विवेकानंद क्रूज से पहुंचे। क्रूज फूलों और दोनों देशों के झंडों से सुसज्जित था।
मार्ग में जगह-जगह लोक कलाकारों ने झूला, मयूर और धोबिया नृत्य प्रस्तुत कर उनका स्वागत किया। कजरी, बिरहा और चैती की गूंज ने वातावरण को पूरी तरह पूर्वांचली रंग में रंग दिया।
आरती के बाद प्रधानमंत्री रामगुलाम ने कहा कि जिस गर्मजोशी से उनका स्वागत हुआ, वैसा स्वागत उन्होंने कहीं और नहीं देखा। उन्होंने भावुक होकर कहा कि अब वे समझ पा रहे हैं कि प्रधानमंत्री मोदी अपने संसदीय क्षेत्र से इतनी बड़ी जीत क्यों दर्ज करते हैं।




