छत से फिसलकर गिरे प्रधान प्रतिनिधि, मौत से गांव में शोक
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के रामचन्दीपुर नखवां गांव में शुक्रवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। ग्राम प्रधान विभा देवी के जेठ और प्रधान प्रतिनिधि गोपाल चौधरी (40) की छत से गिरकर मौत हो गई। उनकी मौत की खबर से पूरा गांव गमगीन हो गया।
परिजनों के अनुसार गुरुवार की रात गोपाल चौधरी छत पर सोए थे। तड़के करीब चार बजे नींद खुली और वह पेशाब के लिए उठे। रात की बारिश से छत फिसलन भरी हो गई थी। इसी दौरान पैर फिसलने से वह संतुलन खो बैठे और नीचे गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने से खून बह निकला।
परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिजन सदमे में हैं।
तीन भाइयों में सबसे बड़े गोपाल चौधरी पहले विदेश में फोरमैन की नौकरी करते थे। कुछ साल पहले गांव लौटने के बाद उन्होंने छोटे भाई प्रमोद निषाद की पत्नी विभा देवी को प्रधान का चुनाव लड़ाया और उन्हें जीत भी मिली। तभी से वे प्रधान प्रतिनिधि बनकर गांव की सेवा में सक्रिय थे।
गोपाल चौधरी अपने पीछे पत्नी, पांच साल का बेटा और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी असमय मौत से समाज और गांव को अपूरणीय क्षति हुई है।




