गिरफ्तारी की मांग पर अधिवक्ताओं का धरना, कोर्ट परिसर में जमकर नारेबाजी
वाराणसी। रथयात्रा चौराहे पर अधिवक्ता के साथ हुई मारपीट प्रकरण को लेकर सोमवार को जिला एवं सत्र न्यायालय के अधिवक्ताओं ने कामकाज ठप कर दिया। सुबह कोर्ट खुलते ही वकीलों ने जिला जज पोर्टिको में इकट्ठा होकर नारेबाजी की और आरोपी दरोगा गोपाल कन्हैया की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
वकीलों ने एक-एक कोर्ट में जाकर न्यायाधीशों से सहयोग की अपील की और हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया। अधिवक्ता शिव प्रताप सिंह के साथ पुलिस दरोगा द्वारा की गई पिटाई को लेकर वकीलों में जबरदस्त आक्रोश है। उनका कहना है कि जब तक आरोपी दरोगा की गिरफ्तारी नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।
अधिवक्ता विकास कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार की रात शिव प्रताप सिंह अपनी पत्नी के साथ सोरहिया मेले से लौट रहे थे। इसी दौरान रथयात्रा चौराहे पर नो-इंट्री को लेकर ड्यूटी पर तैनात दरोगा गोपाल कन्हैया से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि दरोगा ने पहले अभद्रता की और फिर मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाईं। लहूलुहान हालत में शिव प्रताप स्वयं थाने पहुंचे और तहरीर दी।
अधिवक्ताओं ने जिला जज को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि दरोगा पर कड़ी धाराओं में कार्रवाई कर जेल भेजा जाए। वकीलों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होती है तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




