ग्रामीणों ने मोटर चुराते चोर को पकड़ा, पुलिस के हवाले किया
जंसा। थाना क्षेत्र के खिल्लूपुर गांव में रविवार की रात ग्रामीणों ने एक चोर को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। आरोपी घर में घुसकर चारा काटने वाली मशीन का मोटर खोल रहा था।
गांव निवासी शिवशंकर पटेल के परिवारजन रात में खाना खाकर सो गए थे। लगभग 11 बजे जब शिवशंकर लघुशंका के लिए उठे तो बगल के कमरे से खटखट की आवाज सुनाई दी। संदेह होने पर वह वहां पहुंचे तो देखा कि एक युवक मोटर खोल रहा है। पकड़ने की कोशिश पर चोर भागने लगा, लेकिन शोर मचाने पर परिजनों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।
सूचना पाकर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पिटाई से घायल चोर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेवापुरी ले जाया गया। इलाज के बाद उसे जंसा थाने ले जाकर आवश्यक कार्रवाई की गई।




