नाविकों व मछुआरा परिवारों को संस्था ने बांटे राशन किट
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। कैथी स्थित मार्कण्डेय महादेव क्षेत्र में बुधवार को समाजसेवी संस्था मेकिंग द डिफरेंस फाउंडेशन एवं डोनेट कार्ड की ओर से बाढ़ प्रभावित नाविकों व मछुआरा परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गई।
संस्था ने डेढ़ सौ से अधिक परिवारों तक राशन किट पहुंचाए, जिनमें चावल, आटा, दाल, तेल, मसाले, नमक, हल्दी व अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल रहीं।
संस्था के सचिव प्रिंस चौबे ने बताया कि गंगा का जलस्तर बढ़ने से नाविकों का कामकाज पूरी तरह ठप हो जाता है। नाव ही उनका प्रमुख रोजगार साधन है। ऐसे में बाढ़ की स्थिति इन परिवारों को भुखमरी की ओर धकेल देती है। इसी वजह से संस्था ने प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने का निर्णय लिया।
राहत वितरण के दौरान संस्था से जुड़े अनिल विश्वकर्मा, सुनील राजू विश्वकर्मा, आकाश मिश्रा, मनीष चौबे, गोपाल विश्वकर्मा, सुनील मिश्रा, मनोज मिश्रा, मुन्ना निषाद सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।




