बीएचयू ट्रॉमा सेंटर को मिला डिजिटल हेल्थ इनोवेशन अवॉर्ड
वाराणसी। बीएचयू आईएमएस के ट्रॉमा सेंटर को चिकित्सा सुविधाओं में डिजिटल तकनीक के सफल प्रयोग के लिए डिजिटल हेल्थ इनोवेशन अवॉर्ड से नवाजा गया है। यह सम्मान मुंबई स्थित जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ग्लोबल डिजिटल हेल्थ समिट 2025 में ट्रॉमा सेंटर के प्रोफेसर इंचार्ज प्रो. सौरभ सिंह को प्रदान किया गया।
ट्रॉमा सेंटर ने मरीजों की सुविधा के लिए विशेष वेबसाइट विकसित की है, जहां ओपीडी में डॉक्टरों की उपलब्धता से लेकर इमरजेंसी, आईसीयू बेड, जांच, इलाज और ऑपरेशन तक की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो जाती है। प्रो. सौरभ सिंह ने कहा कि यह सम्मान टीम को और बेहतर काम करने की प्रेरणा देगा।




