नगर आयुक्त ने नाटी इमली व ऋषिमाण्डवी जोन का किया निरीक्षण
वाराणसी : नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सोमवार को विश्व प्रसिद्ध नाटी इमली भरत मिलाप क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने भरत मिलाप मैदान तक जाने वाले रास्ते पर तत्काल इंटरलॉकिंग कराने के निर्देश दिए। वहीं मैदान में स्थित मंदिर की रंगाई-पुताई कराने के निर्देश मुख्य अभियंता को दिए गए।
इसके बाद नगर आयुक्त ने ईश्वरगंगी तालाब का निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब की सफाई और सौंदर्यीकरण के लिए गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नाटी इमली लेबर कालोनी में फैले डिश-कैबल तारों का बंचिंग कार्य भी निरीक्षण का हिस्सा रहा।
नगर आयुक्त ने नव-विस्तारित क्षेत्र ऋषिमाण्डवी जोन के शिवदासपुर, सिंदुरिया कालोनी, पंचवटी और चांदपुर तिराहा क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। जलकल द्वारा सीवर लाइन डाले जाने, सफाई व्यवस्था और खाली प्लाटों से कूड़ा हटाने के निर्देश दिए। पूर्व में दिए गए निर्देशों की अवहेलना करने पर क्षेत्रीय स्वास्थ्य निरीक्षक अनुश्री श्रीवास्तव को सख्त चेतावनी भी दी गई।
निरीक्षण में लोक निर्माण विभाग द्वारा चांदपुर चौराहे पर रोड चौड़ीकरण के दौरान नाले और तालाब भरे होने की जानकारी मिली। नगर आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग को संबंधित पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह, अधिशासी अभियंता एम.के. सिंह और सहायक अभियंता पियुष नेहरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





