काशी विद्यापीठ का 47वां दीक्षांत समारोह, 101 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 47वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, सिगरा में सुबह 10 बजे होगा। इस अवसर पर दो उत्कृष्ट खिलाड़ियों सहित 101 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक दिया जाएगा। तीन ट्रांसजेंडर समेत 71,243 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। मुख्य अतिथि पद्मश्री प्रो. सरोज चूड़ामणि गोपाल रहेंगी। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने बताया कि इस बार विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों के टॉपर्स को अलग मेडल दिया जाएगा।
कार्यक्रम में चंदौली की पांच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का भी सम्मान किया जाएगा। समारोह का लाइव प्रसारण विश्वविद्यालय के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा।





