ध्वजारोहण, 17 वेदी पूजा व गौतम प्रसादी के आयोजन से भक्तिमय हुआ वातावरण
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर। क्षेत्र के चन्द्रावती स्थित पावन एवं प्राचीन चन्द्रावती जैन श्वेताम्बर तीर्थ में मंगलवार को पौष वदि 12 की शुभ तिथि पर अष्टम तीर्थंकर भगवान चंद्रप्रभु का जन्म कल्याणक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विधि-विधानपूर्वक ध्वजारोहण संस्कार सम्पन्न हुआ, जिससे संपूर्ण तीर्थ परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
महोत्सव की गरिमा परम पूज्य साधु भगवंत हेम शेखर विजय महाराज साहब की पावन सन्निधि से और अधिक बढ़ गई। उनके मंगल आशीर्वचनों से तीर्थ परिसर धर्ममय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा। कार्यक्रम के अंतर्गत 17 वेदी पूजा का भव्य आयोजन किया गया, जिसे शास्त्रोक्त विधि-विधान के अनुसार विधिकारक यशवंत गोलेछा (जयपुर) द्वारा सम्पन्न कराया गया। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस पावन अवसर पर संपूर्ण चन्द्रावती ग्राम में गौतम प्रसादी का वितरण किया गया। साथ ही ग्राम के प्रत्येक घर में भोजन की समुचित व्यवस्था की गई, जिससे सेवा, समरसता एवं जीवदया का अनुपम संदेश समाज तक पहुँचा।
महोत्सव में मुंबई, चेन्नई, अहमदाबाद, सूरत सहित देश के विभिन्न नगरों से पधारे श्रद्धालु भक्तों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे तीर्थ स्थल भक्तिरस और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर हो गया। इस अवसर पर संघ के प्रमुख पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से प्रवीन चंद गांधी (अध्यक्ष), सुशील (उपाध्यक्ष), राहुल कुमार गांधी, अंशुमान शाह (सचिव, चन्द्रावती), अश्विनीभाई शाह, मक्खन जैन, सुरेश कोठारी, धीरेंद्र कुमार गांधी सहित अनेक गणमान्य सदस्य एवं श्रावक-श्राविकाएँ उपस्थित रहीं।




