युवती भी जख्मी, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार
मिर्जामुराद। क्षेत्र के चित्रसेनपुर सब्जी मंडी के पास मंगलवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। हाईवे के किनारे खड़े एक ट्रक के पिछले हिस्से में मिर्जामुराद की ओर जा रही बाइक जा भिड़ी। दुर्घटना में बाइक सवार युवक और उसके साथ बैठी युवती घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार कपसेठी थाना क्षेत्र के अमवा गांव निवासी हिमांशु पाठक बाइक से जा रहा था। जैसे ही वह चित्रसेनपुर सब्जी मंडी के समीप पहुंचा, उसकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवक के सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसे वाराणसी रेफर कर दिया, जबकि युवती का उपचार स्थानीय स्तर पर जारी है।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त बाइक को हाईवे से हटाकर किनारे कराया, जिससे यातायात बाधित न हो। उधर, घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर प्रयागराज की ओर फरार हो गया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।




