जयरामपुर गांव में रास्ते में घेरकर की गई मारपीट, जान से मारने की धमकी का आरोप
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जयरामपुर निवासी सत्यप्रकाश मौर्या पुत्र मोहनलाल मौर्या बीते 18 दिसंबर की शाम करीब सात बजे काम से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के ही राधेश्याम मौर्या, राम सिंह मौर्या एवं गंगाराम मौर्या ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि जमीनी विवाद को लेकर तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लात-घूंसे व लाठी-डंडों से मारपीट की।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। किसी तरह जान बचाकर पीड़ित थाने पहुंचा और घटना की पूरी जानकारी पुलिस को दी।
चौबेपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





