लाइन फाल्ट से ग्रामीणों को हुई भारी परेशानी
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। गरथौली विद्युत उपकेंद्र से जुड़े ग्रामीण इलाकों में सोमवार को छह घंटे से भी अधिक समय तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। दोपहर करीब एक बजे अचानक लाइन फाल्ट होने से अजांव, गरथौली, पलकहां, परानापुर, कादीपुर कलां, छितमपुर समेत कई गांवों में बिजली गुल हो गई, जिससे आमजन को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बिजली बाधित होने से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित रहीं। गर्मी और अन्य आवश्यक कार्यों के चलते लोगों की परेशानी बढ़ गई। स्थानीय लोगों ने उपकेंद्र पर संपर्क कर जानकारी ली, जहां से बताया गया कि लाइन फाल्ट दूर करने का कार्य जारी है और जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
लंबे समय तक बिजली न आने से ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों ने मांग की कि फाल्ट की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि बार-बार होने वाली विद्युत कटौती से राहत मिल सके।




