लंबी कूद में शानदार प्रदर्शन पर विद्यालय में हुआ सम्मान
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। वाराणसी मंडल में आयोजित मंडल स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में लंबी कूद स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले कंपोजिट विद्यालय सोनबरसा के छात्र शशिप्रकाश सोनकर को विद्यालय परिसर में सम्मानित किया गया। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सविता सक्सेना ने छात्र को ट्रैक शूट और खेल जूते प्रदान कर उसका उत्साहवर्धन किया।
उल्लेखनीय है कि शशिप्रकाश सोनकर ने इससे पूर्व ब्लॉक और जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी लंबी कूद में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला मंत्री मुक्ति नारायण मौर्य ने विजेता छात्र को पुरस्कार राशि प्रदान करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर खेल प्रशिक्षक अवनीश पाठक ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों के बच्चों में अपार प्रतिभा छिपी है, जो उचित मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास से निखरकर सामने आती है। उन्होंने बच्चों को नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन अवनीश पाठक ने किया। सम्मान समारोह में प्रधानाध्यापिका सविता सक्सेना के साथ प्रीति शुक्ला, आशा यादव, पल्लवी, संध्या, सुधा, नीलम, हनुमान, राजेश सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक, छात्र और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




