बरियासनपुर इंटर कॉलेज में होंगी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, वाराणसी के तत्वावधान में विधानसभा शिवपुर की दो दिवसीय विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन 29 एवं 30 दिसंबर 2025 को किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन विकासखंड चिरईगांव के बरियासनपुर स्थित बरियासनपुर इंटर कॉलेज परिसर में होगा। कार्यक्रम का समन्वय एवं नेतृत्व विकासखंड हरहुआ के क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विवेक सिंह द्वारा किया जाएगा।
इस खेल स्पर्धा में सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में विधानसभा शिवपुर क्षेत्र के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजन के पहले दिन 29 दिसंबर को एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, कुश्ती, भारोत्तोलन एवं जूडो की प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। वहीं दूसरे दिन 30 दिसंबर को फुटबॉल एवं बैडमिंटन की स्पर्धाएं आयोजित होंगी।
खेल स्पर्धा का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्री तथा विधायक शिवपुर अनिल राजभर द्वारा किया जाएगा।
आयोजन समिति की ओर से बताया गया है कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को अपना आधार कार्ड मूल रूप में एवं उसकी एक छायाप्रति साथ लाना अनिवार्य होगा।
इस आयोजन को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।




