लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से हमला, एक का हाथ टूटा
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। क्षेत्र के बराई गांव में मैच के दौरान उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हुई मारपीट में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 दिसंबर की शाम गांव में चल रहे मैच के दौरान कहासुनी हुई थी, जिसे उस समय ग्रामीणों ने समझा-बुझाकर शांत करा दिया था। बताया जाता है कि एक आरोपी ने उस दौरान माफी भी मांगी थी। इसके बावजूद 26 दिसंबर की सुबह करीब 8:30 बजे आरोपी अपने साथियों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचे और नागेन्द्र कुमार व जितेन्द्र पर हमला कर दिया।
हमले में नागेन्द्र कुमार का हाथ टूट गया, जबकि दूसरे युवक को भी गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।




