वाहन विवाद में दो पक्ष भिड़े, महिला समेत दो लोग घायल
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर, (वाराणसी)। चौबेपुर थाना क्षेत्र के रैमला गांव में वाहन को लेकर हुए आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक महिला सहित दो लोग घायल हो गए, जिनमें महिला को गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के मुताबिक रैमला गांव निवासी अम्बरीश यादव 29 दिसंबर की रात करीब 8 बजे अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही चन्द्रप्रकाश यादव से वाहन को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर सूर्यप्रकाश यादव, सुमन देवी और शिवमूरत यादव ने एकजुट होकर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इस घटना में बच्चा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि अम्बरीश यादव को भी चोटें आई हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




