पूर्व प्रमुख सचिव विधि एवं न्याय जे. एस. यादव का निधन, शोक की लहर
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व प्रमुख सचिव (विधि एवं न्याय) जे. एस. यादव का गुरुवार की रात करीब 11 बजे निधन हो गया। वे 85 वर्ष के थे और लेढ़ूपुर स्थित मेरीडियन हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
जे. एस. यादव पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के बेहद करीबी माने जाते थे। उन्होंने लंबे समय तक प्रशासनिक सेवाओं में रहते हुए विधि एवं न्याय से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया।
निधन की सूचना मिलते ही शुक्रवार सुबह से ही उनके आवास पर राजनेताओं, पत्रकारों, समाजसेवियों, चिकित्सकों सहित गणमान्य लोगों का तांता लग गया। सभी ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।
दिवंगत जे. एस. यादव अपने पीछे दो पुत्र छोड़ गए हैं। बड़े पुत्र डॉ. पीयूष यादव लेढ़ूपुर स्थित मेरीडियन हॉस्पिटल के अधिष्ठाता हैं और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता के रूप में भी जाने जाते हैं। छोटे पुत्र विवेक यादव हैं। परिवार में पुत्रवधू डॉ. ललित यादव एवं डॉ. प्रिया यादव भी हैं।
जे. एस. यादव मानवाधिकार आयोग के सदस्य के रूप में भी सेवाएं दे चुके थे। उनके निधन को प्रशासनिक क्षेत्र की अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।




