प्रो. शंकर कुमार मिश्रा का जन्मोत्सव बड़े ही धूम धाम से मनाया गया
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के धर्मशास्त्र मीमांसा विभाग के वरिष्ठ आचार्य प्रोफेसर शंकर कुमार मिश्रा का जन्मदिवस श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता के भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शिष्यों, सहयोगियों और गणमान्यजनों ने गुरुजी का आशीर्वाद प्राप्त कर उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने भारतीय जीवन-दर्शन में गुरु की महत्ता पर प्रकाश डाला। अमित तिवारी ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान के प्रदाता ही नहीं होते, बल्कि संस्कारों के संवाहक और जीवन-पथ के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। गुरु का सान्निध्य व्यक्ति के अंतर्मन को आलोकित करता है और समाज को सद्भाव, संयम व नैतिक चेतना से जोड़ता है। इसी परंपरा के वाहक परम श्रद्धेय गुरुजी का जन्मदिवस श्रद्धा और कृतज्ञता के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय हिंदू महासभा के राष्ट्रीय सचिव संपूर्णानंद पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि प्रोफेसर शंकर कुमार मिश्रा का संपूर्ण जीवन सादगी, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का जीवंत उदाहरण है। उनके विचार, आचरण और मार्गदर्शन न केवल शिष्यों के लिए, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थितजनों ने गुरुजी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं अर्पित कीं तथा उनके मंगलमय, स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना करते हुए समाज के प्रति उनके सतत मार्गदर्शन की अपेक्षा जताई।




