परानापुर कंजड़ बस्ती में पुलिस का छापा, अवैध शराब की भट्ठियां ध्वस्त
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। क्षेत्र के परानापुर स्थित कंजड़ बस्ती में गुरुवार दोपहर पुलिस ने अवैध शराब निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अवैध रूप से संचालित कच्ची देशी शराब की भट्ठियों को नष्ट करा दिया।
छापेमारी के दौरान करीब 40 कुंतल लहन मौके पर बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब बनाने में संलिप्त लोग पुलिस को देखकर फरार हो गए।
थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी शीघ्र की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।




