घर से जेवरात व नकदी लेकर जाने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
चोलापुर (वाराणसी)। चोलापुर थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव से एक युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में युवती के पिता ने गांव के ही एक युवक पर अपहरण का आरोप लगाते हुए थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़ित पिता के अनुसार चार दिन पूर्व वह बाजार से घर लौटे तो उनकी पुत्री सुनीता घर पर मौजूद नहीं थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। शक के आधार पर उन्होंने गांव के युवक रोहित पुत्र महंगू पर आरोप लगाया, जिसका पिछले काफी दिनों से उनके घर आना-जाना था। जब परिजन रोहित के घर पहुंचे तो वह भी घर पर नहीं मिला।
पिता का आरोप है कि युवती घर से सोने की अंगूठी, सिकड़ी, मंगलसूत्र, कान की झुमकी तथा लगभग 20 हजार रुपये नकद भी साथ ले गई है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष चोलापुर दीपक कुमार ने बताया कि आरोपी युवक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 87 व 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और युवती की तलाश के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।




