सातवें दिन 11वां मकान ध्वस्त, ड्रोन से की गई कार्रवाई की निगरानी
वाराणसी। दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण को लेकर वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) का ध्वस्तीकरण अभियान मंगलवार को सातवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान बुलडोजर चलाकर 11वें मकान को ध्वस्त कर दिया गया। संकरी गलियों में मशीनों और हथौड़ों की गूंज के बीच एक बार फिर विकास बनाम आजीविका की बहस तेज हो गई है।
वीडीए की टीम ने ध्वस्तीकरण से पहले मुनादी कराकर मकान और दुकानों को खाली कराया। दोपहर बाद अभियान शुरू किया गया। नई सड़क पर मस्जिद के समीप स्थित जिस दुकान को तोड़ा गया, उसमें गर्म कपड़ों का कारोबार चल रहा था। पहले दुकान को पूरी तरह खाली कराया गया, इसके बाद उसे जमींदोज कर दिया गया।
जहां बुलडोजर आसानी से पहुंच सका, वहां मशीनों का प्रयोग किया गया, जबकि संकरी स्थानों पर अन्य उपकरणों से कार्रवाई की गई। ध्वस्तीकरण के दौरान एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा, वीडीए के जोनल अधिकारी रवींद्र प्रकाश तथा एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी मौके पर मौजूद रहे।
एसीपी दशाश्वमेध ने बताया कि संबंधित मकान को ध्वस्तीकरण के लिए पूर्व में कई बार नोटिस दिए जा चुके थे। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए ड्रोन कैमरे से पूरे अभियान की निगरानी की गई।





