विद्यालय से निकाले जाने की रंजिश में झूठी शिकायतें और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। चिरईगांव चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विकास मौर्य को एक व्यक्ति द्वारा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रेवती रमन पाण्डेय निवासी चिरईगांव लगातार लिटिल फ्लावर विद्यालय, संदहा के विरुद्ध झूठी शिकायतें कर पुलिस को गुमराह कर रहा था। जांच में सामने आया कि आरोपी पूर्व में उसी विद्यालय में गार्ड के पद पर कार्यरत था, लेकिन आचरण खराब होने के कारण उसे सेवा से निकाल दिया गया था। इसी रंजिश में वह फर्जी प्रार्थना पत्र देकर शिकायतें करता रहा।
जांच रिपोर्ट लगने के बाद आरोपी ने चौकी प्रभारी को फोन, व्हाट्सएप और आईजीआरएस के माध्यम से धमकियां दीं और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना चौबेपुर में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




