नामजद मुकदमे के बाद चौबेपुर पुलिस ने कस्बे से युवक को छात्रा सहित हिरासत में लिया
चौबेपुर (वाराणसी)। क्षेत्र के एक गांव से बीए की छात्रा को बहलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 16 जनवरी की रात की बताई जा रही है, जब गांव का ही एक युवक छात्रा को लेकर फरार हो गया था। आरोपी युवक पहले से एक बच्चे का पिता बताया गया है।
छात्रा के परिजनों ने जब दोनों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला तो छात्रा के पिता ने चौबेपुर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तलाश शुरू की।
थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात चौबेपुर कस्बे से आरोपी युवक को छात्रा के साथ हिरासत में लिया गया। इसके बाद छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी युवक धीरेन्द्र यादव निवासी ग्राम अजांव टाड़पर को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





