होलिका दहन स्थलों पर बसंत की स्थापना, सफाई अभियान के साथ होली की तैयारियां शुरू
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। क्षेत्र के छितमपुर, कादीपुर, अजांव, गरथौली, गोलधमकवां, चौबेपुर बाजार एवं ग़ौरा सहित सभी गांवों में बसंत पंचमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पर्व के अवसर पर परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार होलिका दहन स्थलों पर बसंत की स्थापना की गई।
ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से सफाई अभियान चलाकर होलिका दहन स्थलों की साफ-सफाई की, जिससे आगामी होली पर्व की तैयारियां समय रहते पूरी की जा सकें। बसंत पंचमी के दिन विधि-विधान से पूजन के उपरांत परंपरागत रूप से रेड़ एवं बांस को मिट्टी में गाड़कर बसंत की स्थापना की गई।
छितमपुर गांव में आर्यन चौरसिया एवं विपिन चौरसिया (खंझाटी पहलवान) के नेतृत्व में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। पूजन के बाद बच्चों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दीं। पूरे क्षेत्र में पर्व को लेकर उत्साहपूर्ण और उल्लासमय माहौल बना रहा।




