मार्च में होनी थी शादी, खुशियां मातम में बदलीं
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। चौबेपुर क्षेत्र के कादीपुर व सारनाथ रेलवे स्टेशन के बीच स्थित पर्वतपुर गांव के पास रविवार रात भटनी–वाराणसी पैसेंजर ट्रेन (गाड़ी संख्या 55135) से कटकर एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में दर्दनाक मौत हो गई। घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। उस समय मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
सोमवार सुबह मृतक की पहचान आकाश राजभर (22) पुत्र विनोद राजभर, निवासी शाहपुर के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार आकाश की शादी आगामी मार्च माह में तय थी, जिससे घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ शोक में बदल दिया।
सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रेलवे ट्रैक से हटाकर कब्जे में लिया। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। घटनास्थल पर पहुंचते ही परिजन फूट-फूटकर रोने लगे, जिससे माहौल गमगीन हो गया।
थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।





