एसओजी फर्स्ट व एसीपी की संयुक्त कार्रवाई, 3 टैंकर तेल बरामद, 5 गिरफ्तार
रामनगर (वाराणसी)। रामनगर थाना क्षेत्र में अवैध पेट्रोल-डीजल कटिंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार तड़के भोर में छापा मारकर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। रामनगर के भीटी पुलिस चौकी से करीब सौ मीटर दूर चंदौली मार्ग पर विंध्यवासिनी ढाबा के पीछे गिट्टी-बालू मंडी के पास चल रहे इस अवैध धंधे पर विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में एसओजी फर्स्ट की टीम ने कार्रवाई की।
छापेमारी में मौके से तीन टैंकरों में भरा लगभग 84 हजार लीटर पेट्रोल तथा ड्रमों में रखा करीब 550 लीटर अवैध डीजल-पेट्रोल बरामद किया गया। इस कार्रवाई को रामनगर क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी माना जा रहा है। मौके से कुल नौ लोगों को हिरासत में लिया गया, जांच के बाद चार मजदूरों को छोड़ दिया गया, जबकि पांच आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में आलोक कुमार सोनू और विवेक कुमार (दोनों निवासी गौतम नगर, थाना अलीनगर), प्रेमचंद यादव (सुल्तानपुर) तथा सद्दाम बेग (सोनभद्र) शामिल हैं। देर शाम तक जांच-पड़ताल चलती रही।
छापेमारी दल में एसीपी कोतवाली के साथ एसओजी प्रभारी गौरव सिंह, उपनिरीक्षक आयुष पांडेय, आरक्षी आलोक मौर्या, रमाशंकर यादव, अंकित मिश्रा तथा खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम से गुलाब चंद (सप्लाई इंस्पेक्टर), पुलकित वल्स और संजय सिंह मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।




