राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु बोले— सशक्त नेतृत्व और जनविश्वास की ऐतिहासिक उपलब्धि
वाराणसी: उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले शासन प्रमुख बनने पर काशीवासियों की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इसे 145 करोड़ देशवासियों के कल्याण, समृद्धि और संतोष के लिए समर्पित नेतृत्व की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
वाराणसी में जारी बयान के अनुसार जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी ने जानकारी दी कि डॉ. दयालु ने कहा— बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी काशी से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह उपलब्धि प्रधानमंत्री के प्रति जन-जन के अटूट विश्वास का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व राष्ट्र सर्वोपरि की भावना से प्रेरित है, जिसके परिणामस्वरूप ‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ का संकल्प निरंतर साकार हो रहा है। उनके मार्गदर्शन में सेवा, सुशासन और समर्पण के मूल्यों के साथ भारत विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
राज्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश इसी प्रकार प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगा और भारत विश्व पटल पर अपनी सशक्त पहचान और अधिक मजबूती से स्थापित करेगा।





