जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने जारी किया अलर्ट, संदिग्ध उत्पादों की सूचना देने की अपील
(रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय)
जौनपुर। जनपद में मच्छरों से बचाव के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले अगरबत्ती, कॉयल एवं लिक्विड उत्पादों को लेकर जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने गंभीर चेतावनी जारी की है। उन्होंने बताया कि बाजार में बिक रहे कुछ उत्पादों में अपंजीकृत कीटनाशक रसायन—डाइमफ्लुथ्रिन और मेपरफ्लुथ्रिन—का प्रयोग किया जा रहा है, जो मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं।
अधिकारी के अनुसार, ऐसे उत्पाद ‘स्लीप वेल’ और ‘कम्फर्ट’ जैसे ब्रांड नामों से बाजार में प्रचलित हैं। इनका अनियंत्रित उपयोग शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका है।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि बिना प्रमाणित एवं संदिग्ध उत्पादों का उपयोग न करें और इनके क्रय-विक्रय से बचें। साथ ही, यदि किसी व्यक्ति या विक्रेता द्वारा ऐसे उत्पादों की बिक्री की जानकारी मिले, तो इसकी सूचना तत्काल जिला कृषि रक्षा अधिकारी कार्यालय को अथवा मोबाइल नंबर 9919225900 पर दें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित में ऐसे उत्पादों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा लोगों से जागरूक रहकर अपने स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया है।




