पेट्रोल पंप के पास अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा, पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
(रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय)
चौबेपुर (वाराणसी)। थाना क्षेत्र के डुबकियाँ बाजार स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप शनिवार को तीन डंपरों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कुल छह लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए नरपतपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों डंपर वाराणसी से गाजीपुर की दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के सामने चल रहे एक डंपर ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे आ रहे दोनों डंपर अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए और हादसा हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को पुनः सुचारु रूप से संचालित कराया।




