लोहता के भरथरा तिराहे के पास मिला था शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का होगा खुलासा
SHREE 7NEWS, वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के भरथरा तिराहे के समीप रविवार सुबह मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की 72 घंटे तक पहचान नहीं हो सकी। नियमानुसार सभी प्रयास विफल होने के बाद पुलिस ने बुधवार को शव का अंतिम संस्कार करा दिया। मृतक की आयु लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इसके बाद शव की शिनाख्त कराने के लिए पुलिस ने आसपास के थानों से गुमशुदगी की रिपोर्ट मंगाई तथा स्थानीय स्तर पर भी पूछताछ की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
लोहता थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक नशे का आदी प्रतीत हो रहा था। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद कांस्टेबल वीरेंद्र यादव ने पुलिस की ओर से शव का अंतिम संस्कार कराया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी का लगभग 50 वर्षीय परिजन पिछले तीन-चार दिनों से लापता है, तो वह तत्काल लोहता थाने से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




