जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र की नई नियमावली-2026 को मंजूरी, निजी अस्पतालों को आठ घंटे में देनी होगी सूचना; छह माह में ‘पीला कार्ड’ की प्रक्रिया होगी पूरी तरह ऑनलाइन
वाराणसी। नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक में शनिवार को शहरवासियों को त्वरित नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में तय किया गया कि पायलट प्रोजेक्ट के तहत गंगा घाट क्षेत्र से जुड़े 25 वार्डों में दर्ज होने वाली जनशिकायतों का निस्तारण अब मात्र चार घंटे के भीतर किया जाएगा। यदि यह व्यवस्था सफल रहती है तो इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर में लागू किया जाएगा।
इस योजना के तहत शिकायतें प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक दर्ज की जाएंगी। नगर निगम जल्द ही इसके लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी करेगा। अधिकारियों के अनुसार आगामी 7 जुलाई से इस नई व्यवस्था का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
बैठक में जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र नियमावली-2026 को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। नई व्यवस्था के तहत सभी निजी अस्पतालों को जन्म अथवा मृत्यु की सूचना आठ घंटे के भीतर नगर निगम को उपलब्ध करानी होगी, जिससे प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और समयबद्ध हो सके।
कार्यकारिणी बैठक में संपत्ति के दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) से संबंधित ‘पीला कार्ड’ की व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल बनाने का भी निर्णय लिया गया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि अगले छह माह में पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी जाएगी, जिससे भवन स्वामी घर बैठे ही अपने मोबाइल या कंप्यूटर से ‘पीला कार्ड’ डाउनलोड कर सकेंगे। साथ ही सभी जोनों पर इसकी उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।
महापौर ने बताया कि जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण की योजना का पहला चरण राजघाट से अस्सी घाट तक स्थित 25 वार्डों में लागू किया जाएगा। व्यवस्था की सफलता के बाद इसे नगर निगम के सभी वार्डों में विस्तारित किया जाएगा। भविष्य में शिकायतों के निस्तारण का समय और कम करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आधुनिक फल मंडियों के विकास पर भी सहमति बनी। वरिष्ठ पार्षद प्रवीण राय ने भेलूपुर स्थित जलकल विभाग की खाली भूमि पर प्रस्तावित पार्क एवं फल मंडी का निर्माण दिसंबर तक पूरा कराने की मांग उठाई। वहीं शिवपुर में प्रस्तावित फल मंडी को अगले चार माह के भीतर पूर्ण करने का प्रस्ताव भी रखा गया। नगर आयुक्त ने बताया कि शिवपुर फल मंडी की प्रशासनिक प्रक्रिया तेज कर दी गई है और तय समय में कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक के समापन पर नगर निगम कार्यकारिणी के छह सदस्यों का दो वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने पर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। महापौर, नगर आयुक्त एवं पार्षदों ने नगर विकास एवं जनहित में उनके योगदान की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विदाई पाने वालों में नरसिंह दास, अमरदेव यादव, राजेश यादव ‘चल्लू’, प्रमोद राय, सुशील कुमार गुप्ता तथा हनुमान प्रसाद शामिल रहे।




