शैक्षणिक दस्तावेज और हस्ताक्षर लेकर दो बैंक खाते खुलवाने का आरोप, पुलिस ने शिकायत दर्ज कर शुरू की जांच
रिपोर्ट : विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक के दस्तावेजों का कथित दुरुपयोग कर उसके नाम पर फर्जी बैंक खाते खुलवाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसके शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर धोखाधड़ी की गई। स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने पर उसने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, चौबेपुर थाना क्षेत्र के बनकट गांव निवासी कुँवर शमशेर बहादुर का आरोप है कि नीरज कुमार ने केनरा बैंक में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उनसे शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज तथा सादे कागजों पर हस्ताक्षर करवा लिए। बाद में इन्हीं दस्तावेजों का कथित रूप से दुरुपयोग करते हुए उनके नाम पर केनरा बैंक, लहरतारा शाखा तथा उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक, पाण्डेयपुर शाखा में दो बैंक खाते खुलवा दिए। इतना ही नहीं, उनका जियो सिम कार्ड भी कथित रूप से अपने नाम स्थानांतरित करा लिया गया।
पीड़ित का कहना है कि मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस और साइबर क्राइम थाने में शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पंजीकृत डाक के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को प्रार्थना-पत्र भेजकर मामले में एफआईआर दर्ज करने तथा आरोपित के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, थाना प्रभारी चौबेपुर वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि पीड़ित की शिकायत प्राप्त हो चुकी है। शिकायत को सीसीटीएनएस पोर्टल पर दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।




