राजेंद्र प्रसाद घाट से गूंजा आह्वान: गंगा को स्वच्छ रखना हर नागरिक का कर्तव्य
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी (राजेंद्र प्रसाद घाट): शुक्रवार को राजेंद्र प्रसाद घाट पर गंगा तट एक विशेष संदेश का साक्षी बना, जब सैकड़ों कांवरिया श्रद्धालुओं ने एक स्वर में “सबका साथ हो, गंगा साफ हो” का नारा बुलंद किया।
नमामि गंगे अभियान के अंतर्गत काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने गंगा और उसकी सहायक नदियों को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने हाथों में स्वच्छता संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। घाट परिसर में स्वच्छता और एकता का माहौल देखने को मिला।
गंगा सेवक राजेश शुक्ला ने कहा कि गंगा में किया जाने वाला हर अर्पण पर्यावरण के अनुकूल होना चाहिए, ताकि जलीय जीवन सुरक्षित रह सके।
उन्होंने यह भी अपील की कि पूजा-पाठ या संस्कारों के बाद नदी में किसी भी प्रकार की गंदगी न डाली जाए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं ने शपथ ली कि वे अपनी नदियों को स्वच्छ रखने के लिए हमेशा जागरूक रहेंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर अजय गुप्ता, सुनील कुमार, सुरेंद्र राजभर, भोले, विवेक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




