प्राथमिक विद्यालय अनौरा में भोजन की गुणवत्ता परखी, रसोइयों और शिक्षकों से लिया व्यवस्थाओं का फीडबैक
रिपोर्ट: विवेक राय
हरहुआ (वाराणसी)। हरहुआ ब्लॉक के अनौरा ग्राम पंचायत के ग्रामप्रधान दीपक चौहान ने मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर बच्चों के साथ बैठकर मिड-डे मील का भोजन किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और स्वाद परखने के साथ ही विद्यालय की शैक्षणिक एवं मूलभूत व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
प्रधान के अचानक विद्यालय पहुंचने से बच्चों में उत्साह दिखाई दिया। उन्होंने बच्चों से प्रतिदिन मिलने वाले भोजन के बारे में जानकारी ली और उनके साथ बैठकर निर्धारित मीनू के अनुसार परोसा गया चावल और दाल खाया। भोजन की गुणवत्ता और स्वाद पर संतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों को पौष्टिक, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलना बेहद जरूरी है।
भोजन करने से पहले ग्रामप्रधान ने विद्यालय की रसोई का निरीक्षण किया। उन्होंने रसोईघर और आसपास की साफ-सफाई की स्थिति देखी तथा भोजन तैयार करने वाली रसोइयों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने खाद्य सामग्री की उपलब्धता, ईंधन की समस्या और रसोइयों की अन्य परेशानियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
दीपक चौहान ने शिक्षकों और शिक्षिकाओं से पठन-पाठन की स्थिति पर चर्चा की। इसके साथ ही बच्चों से उनकी पढ़ाई, खेलकूद, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं, ड्रेस, जूता-मोजा, किताबें, शुद्ध पेयजल और स्वच्छ शौचालय के संबंध में भी जानकारी ली।
उन्होंने बच्चों को अपने बचपन के अनुभव साझा करते हुए पढ़ाई के साथ खेलकूद के महत्व के बारे में बताया। क्रिकेट के प्रति अपने अनुभवों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बच्चों को मेहनत, अनुशासन और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्होंने उन्हें एक प्रेरक कहानी भी सुनाई।
ग्रामप्रधान ने कहा कि विद्यालय की व्यवस्थाओं और बच्चों की समस्याओं की जानकारी के लिए वह नियमित रूप से विद्यालय का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने हर महीने कम से कम एक बार विद्यालय आने का आश्वासन दिया। प्रधान के साथ समय बिताने के बाद बच्चों में भी खासा उत्साह नजर आया। विदा होते समय बच्चों ने हाथ हिलाकर “बाय-बाय प्रधान जी” कहकर उनका अभिवादन किया।




