एचजी स्कूल डुबकियां में हुआ प्रेरणादायी संवाद, विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देकर कौटिल्य ने किया मार्गदर्शन
रिपोर्ट : विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। एचजी स्कूल डुबकियां में ‘गूगल बॉय’ के नाम से चर्चित कौटिल्य पंडित के आगमन पर विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा। कौटिल्य पंडित अपने पिता सतीश शर्मा, चाचा सत्यपाल गौड़ तथा टेनिक्वाइट एसोसिएशन के सेक्रेटरी जनरल सिकंदर के साथ विद्यालय पहुंचे। विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाचार्य डॉ. अंबिका प्रसाद गौड़ ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र प्रदान कर स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान कौटिल्य पंडित ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा, ज्ञान और भविष्य की दिशा से जुड़े विभिन्न विषयों पर बातचीत की। विद्यार्थियों ने उनसे कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सहजता से जवाब देते हुए उन्हें आगे की पढ़ाई और लक्ष्य को लेकर मार्गदर्शन दिया।
विद्यालय की ओर से बताया गया कि कौटिल्य पंडित वर्तमान में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में अध्ययनरत हैं। उन्होंने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ कार्यक्रम में भी भाग लिया है। इसके अलावा वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम तथा पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी जैसी प्रमुख हस्तियों से मुलाकात कर चुके हैं।
कौटिल्य पंडित के साथ संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने उनके अनुभवों को जानने में रुचि दिखाई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास, ज्ञान अर्जन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश मिला।
कार्यक्रम का दिशा-निर्देशन शशिबाला श्रीवास्तव ने किया। संचालन रितेश मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मुख्य अध्यापिका सुचिता तिवारी ने किया।




