पुलिस आयुक्त की अध्यक्षता में हुआ समारोह, अधिकारियों के कार्यकाल और योगदान को किया गया याद
रिपोर्ट : विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। वाराणसी कमिश्नरेट के कैंप कार्यालय में मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को स्थानांतरित आईपीएस अधिकारियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की अध्यक्षता में हुए समारोह में प्रमोद कुमार (2015 बैच) और श्रुति श्रीवास्तव (2020 बैच) को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उनके दायित्वों के निर्वहन में किए गए योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के क्षेत्र में किए गए कार्य उल्लेखनीय रहे। इसके साथ ही पुलिस लाइन के सौंदर्यीकरण और आधारभूत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने में उनके योगदान को भी सराहा गया।
समारोह में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, काशी जोन के डीसीपी गौरव बंशवाल, वरुणा जोन के डीसीपी राजेश पाण्डेय, गोमती जोन की डीसीपी नीतू काद्दयान तथा वरुणा जोन की एडीसीपी लिपि नगायच सहित कमिश्नरेट के अन्य राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने स्थानांतरित दोनों आईपीएस अधिकारियों के कार्यकाल को याद करते हुए उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं तथा उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की कामना की। समारोह सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।




