दो दिन बाद नदी में मिला 20 वर्षीय राजा बाबू का शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा; परिजनों में मचा कोहराम
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। मुस्तफाबाद गांव निवासी 20 वर्षीय युवक राजा बाबू पुत्र बबलू प्रजापति का शव बुधवार को गौराउपवार गांव के पास गंगा नदी में तैरता मिला। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया।
बताया गया कि राजा बाबू गांव में मजदूरी करता था। सोमवार की शाम घर में किसी बात को लेकर तनाव के बाद वह रामचंदीपुर-मुस्तफाबाद गंगासोता पुल से नदी में कूद गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी में जाने के बाद वह कुछ देर तक पानी के ऊपर दिखाई दिया, लेकिन इसके बाद लापता हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और ग्रामीण लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
बुधवार को गौराउपवार घाट के पास गंगा में शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और पहचान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मुस्तफाबाद गांव निवासी करीब 65 वर्षीय बाबूनंदन भी बीते 10 अगस्त को इसी पुल से गंगा सोता में कूद गए थे। उनकी काफी तलाश किए जाने के बावजूद उस समय शव बरामद नहीं हो सका था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच स्थानीय लोगों ने पुल और आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है।




