छह टीमें गांव-गांव पहुंचकर कर रहीं टीकाकरण, अब तक करीब चार हजार गोवंश को लगाया गया टीका
रिपोर्ट : विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। गोवंश को लम्पी स्किन डिजीज से सुरक्षित रखने के लिए पशुपालन विभाग ने क्षेत्र में टीकाकरण अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत छह टीमें अलग-अलग गांवों में पहुंचकर गोवंश का टीकाकरण कर रही हैं। विभाग के अनुसार अब तक करीब चार हजार गोवंश का टीकाकरण किया जा चुका है।
टीकाकरण अभियान में चौबेपुर पशु चिकित्सा अधिकारी ओपी वर्मा, पशुधन प्रसार अधिकारी धनंजय मिश्रा, सुभाष दुबे, मदन सोनकर और विवेक कुमार भारतीय सहित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मोहन प्रसाद एवं योगेंद्र नाथ चौधरी समेत अन्य विभागीय कर्मचारी लगातार जुटे हुए हैं।
विभागीय टीमें गौरा उपरवार, सुगूलपुर, उगापुर, चंद्रावती, लक्ष्मीसेनपुर, भंन्दहा, परानापुर, छित्तमपुर, बर्थरा खुर्द और गरथौली समेत विभिन्न गांवों में पहुंचकर गोवंश का टीकाकरण कर रही हैं। बुधवार को ग्राम सभा अजांव में भी टीम पहुंची और गोवंश को टीका लगाया।
टीकाकरण के साथ ही पशुपालकों को लम्पी स्किन डिजीज के लक्षण, बचाव और समय से टीकाकरण के महत्व की जानकारी भी दी जा रही है। विभागीय टीम का लक्ष्य अधिक से अधिक गोवंश को समय पर टीका लगाकर बीमारी के संभावित प्रसार को रोकना है।
पशुपालन विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने गोवंश का समय से टीकाकरण कराएं और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल संबंधित पशु चिकित्सा विभाग को सूचना दें।




