आयुर्वेद अपनाने पर दिया जोर, चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण और बच्चों को कराया योगाभ्यास
रिपोर्ट : वीरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। एचजी स्कूल डुबकियां में बुधवार को 11वें विश्व आयुर्वेद दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस वर्ष शिविर की थीम ‘स्वस्थ कल के लिए आयुर्वेद’ रही। कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि राम प्रकाश दुबे, पूर्व निदेशक कोऑपरेटिव यूनियन उत्तर प्रदेश, तथा डॉ. अरविंद कुमार सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, ने दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अंबिका प्रसाद गौड़ ने अतिथियों एवं चिकित्सकों को अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम में डॉ. अशोक कुमार मिश्रा, डॉ. अमरेंद्र कुमार मल, डॉ. अरुण कुमार सिंह, डॉ. उज्ज्वल कांत यादव, डॉ. दीपिका दवे, डॉ. रिचा लवानिया, डॉ. बृजेश कुमार पाण्डेय तथा नंद किशोर यादव की टीम ने सहभागिता की। राम प्रकाश दुबे ने स्वस्थ शरीर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आयुर्वेद को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
डॉ. अशोक कुमार मिश्रा ने नेचुरोपैथी के माध्यम से अध्यापकों एवं विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जबकि डॉ. दीपिका दवे, चिकित्सा प्रभारी लमही आयुर्वेदिक चिकित्सालय, ने बच्चों के लिए योग सत्र आयोजित किया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में आयुर्वेद एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम का दिशा-निर्देशन रूपाली श्रीवास्तव और शशिबाला श्रीवास्तव ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. बृजेश कुमार पाण्डेय ने किया।




