युवा सशक्तिकरण, नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय योगदान के लिए ‘मेरा युवा भारत’ में हुआ चयन
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। चौबेपुर कस्बा निवासी सृजन चतुर्वेदी शिवम को भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) द्वारा उत्तर प्रदेश के युवा सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रेरक वक्ता के रूप में ‘यूथ आइकॉन’ के लिए चयनित किया गया है। उनके चयन की जानकारी मेरा युवा भारत, वाराणसी के जिला युवा अधिकारी विकास सिंह ने दी।
सृजन चतुर्वेदी शिवम लंबे समय से युवा सशक्तिकरण, नशामुक्ति, सामाजिक सेवा और जनजागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनके द्वारा युवाओं को सकारात्मक दिशा देने, सामाजिक सरोकारों से जोड़ने तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।
‘यूथ आइकॉन’ के रूप में चयन की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल रहा। इस अवसर पर अजगरा विधायक त्रिभुवन राम, प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे, डॉ. सुमन चौबे, डॉ. वीर बहादुर सिंह और संतोष कन्नौजिया, सतेन्द्र उपाध्याय, विरेंद्र प्रताप उपाध्याय सहित अन्य लोगों ने सृजन चतुर्वेदी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सृजन चतुर्वेदी ने चयन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को सामाजिक कार्यों से जोड़ना और उन्हें सकारात्मक दिशा देना उनके प्रयासों का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने आगे भी युवा जागरूकता, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की बात कही।




