हरहुआ ब्लॉक में पांच दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर का चौथा दिन, 432 प्रार्थना पत्रों में 380 का मौके पर निस्तारण
रिपोर्ट : विवेक राय
हरहुआ (वाराणसी)। सेवा संकल्प अभियान के तहत हरहुआ ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित पांच दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर के चौथे दिन बुधवार को विभिन्न सरकारी विभागों के स्टालों पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर योजनाओं और सेवाओं का लाभ लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ अजगरा विधायक त्रिभुवन राम, पिंडरा विधायक प्रतिनिधि पवन सिंह, खंड विकास अधिकारी छोटेलाल तिवारी और कपिल नारायण पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। बीडीओ ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
इस अवसर पर अजगरा विधायक त्रिभुवन राम ने कहा कि सरकार की मंशा है कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सेवा शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं और सुविधाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराने तथा पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिला पूनम जायसवाल एवं धात्री महिला सुधा देवी को फल, हरी सब्जियां और पोषाहार प्रदान कर गोदभराई की रस्म पूरी की गई। वहीं हितांशी पटेल को खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली समूह सखियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान 11 किसानों को मिनी किट भी वितरित की गई।
विधायक ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली। पंचायती राज, स्वास्थ्य, पशुपालन, बाल विकास एवं पुष्टाहार (आईसीडीएस), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), कृषि और ग्राम्य विकास विभाग के स्टालों पर लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
खंड विकास अधिकारी छोटेलाल तिवारी के अनुसार, शिविर में कुल 545 लोगों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न समस्याओं एवं योजनाओं से संबंधित 432 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 380 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं पीएचसी हरहुआ की स्वास्थ्य टीम ने शिविर में 135 लोगों की स्वास्थ्य जांच की।
शिविर में जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद्र दुबे, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता हेमंत सिंह, संयोजक पवन सिंह, भाजपा नेता कपिल नारायण पांडेय, सह-संयोजक अजय पटेल, बीडीओ छोटेलाल तिवारी, शिवाजी सिंह, हीरू सिंह, डीके सिंह, राम उपाध्याय, एडीओ पंचायत कमलेश सिंह, एडीओ सांख्यिकी शैलेन्द्र सिंह, एडीओ कृषि विवेक सिंह, सीडीपीओ मीरा कुमारी, मुख्य सेविका आभा रानी त्रिपाठी, एडीओ आईएसबी धनंजय सिंह सहित ब्लॉक के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।




