मारपीट में कई लोगों के घायल होने की बात, दोनों पक्षों की तहरीर पर चौबेपुर पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। क्षेत्र के बर्थरा खुर्द गांव में रास्ते और जमीन के विवाद को लेकर शनिवार रात दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने के साथ ईंट-पत्थर फेंके जाने का आरोप लगाया गया है। घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की बात सामने आई है।
एक पक्ष की धर्मशीला देवी पत्नी स्व. मुन्नू राम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 3 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे वह अपनी बहू दीपावली के साथ घर के पास से जा रही थीं। रास्ते से गुजरने को लेकर सीता, जितेंद्र, अरविंद, रवि, रानी और छोटू ने उन्हें रोक लिया। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से मारपीट करने का आरोप है। बीच-बचाव करने पहुंचे जितेंद्र नाथ भारती और राहुल सूरज के साथ भी मारपीट तथा घर पर ईंट-पत्थर फेंकने की बात कही गई है। तहरीर में परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
वहीं, दूसरे पक्ष के सीता राम पुत्र स्व. बनारसी ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि जमीन के विवाद को लेकर जितेंद्र, सूरज, नीरज और राहुल ने लाठी-डंडे तथा ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। मारपीट में उन्हें चोटें आने के साथ उनके पुत्र अरविंद कुमार भारती के सिर में चोट लगने का आरोप लगाया गया है। दूसरे पक्ष ने भी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की बात कही है।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




