आयुष्मान योजना में प्री-ऑथ एवं क्लेम इंसेंटिव के उत्कृष्ट उपयोग के लिए मिला सम्मान
रिपोर्ट विवेक राय
लखनऊ/वाराणसी। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) एवं आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत योजनाओं की उपलब्धियों, उत्कृष्ट कार्यों और आगामी कार्ययोजना को लेकर बुधवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चोलापुर, वाराणसी को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत प्री-ऑथ एवं क्लेम इंसेंटिव के उत्कृष्ट उपयोग के लिए प्रदेश स्तर पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदान किया। सीएचसी चोलापुर की इस उपलब्धि को वाराणसी जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
सीएचसी चोलापुर के अधीक्षक डॉ. आर. बी. यादव ने सम्मान को अस्पताल की पूरी टीम की मेहनत का परिणाम बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि सभी के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा जन-जन तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए टीम को निरंतर प्रेरित करेगा। अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को उच्च कोटि की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी टीम प्रतिबद्ध है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी वाराणसी डॉ. एन. पी. सिंह ने सीएचसी चोलापुर के चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों को उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों एवं अस्पतालों को भी सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि पात्र लोगों को योजना के तहत गुणवत्तापूर्ण उपचार का लाभ मिल सके।
समारोह में सीएचसी चोलापुर की ओर से प्रशस्ति पत्र आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के जिला नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. अमित सिंह, डॉ. जितेंद्र यादव तथा आयुष्मान मित्र श्री सुनील कुमार कनौजिया ने प्राप्त किया। प्रदेश स्तर पर मिली इस उपलब्धि से सीएचसी चोलापुर के चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं समस्त कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है। अस्पताल की टीम ने इस सम्मान को भविष्य में और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रेरणा बताया।




