विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप, पुलिस की मौजूदगी में भी हुई पत्थरबाजी
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के करधना गांव निवासी दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार एवं पत्रकार प्रेस क्लब के प्रदेश सलाहकार सचिव कृष्णा पाठक के घर पर करीब 20 दिनों से लगातार पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि घर की छत और दरवाजे पर लगातार पत्थर फेंके जा रहे थे तथा विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायत के बाद मिर्जामुराद पुलिस ने राजेश पाठक उर्फ राजन पुत्र स्व. रामदुलार पाठक, प्रफुल्ल पाठक पुत्र राजेश पाठक और गोविंद पाठक पुत्र स्व. बेचन पाठक, सभी निवासी करधना गांव, के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पीड़ित पत्रकार का आरोप है कि लगातार हो रहे पथराव से उनका पूरा परिवार भय और परेशानी में है।
उन्होंने इस मामले में दो बार पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में भी रात के समय पथराव जारी रहा, लेकिन तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने करधना चौकी प्रभारी को पूरी घटना की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की। बताया गया कि चौकी प्रभारी कई पुलिसकर्मियों के साथ रात में पत्रकार के घर पहुंचे और छत पर बैठकर पथराव करने वालों की सुरागरसी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पथराव शुरू हो गया, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल होने से बाल-बाल बचा।
पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर अपनी आंखों से आरोपियों की छत की ओर से पत्थर आते देखे। इसके बाद पुलिस बल आरोपियों के दरवाजे तक पहुंचा, लेकिन आरोप है कि आरोपी दरवाजा बंद कर घर के भीतर चले गए। पीड़ित पत्रकार कृष्णा पाठक ने मिर्जामुराद थाने पहुंचकर आरोपियों के नाम सहित तहरीर दी थी। चौकी पुलिस द्वारा भी घटना की जानकारी थाना प्रभारी को दिए जाने के बावजूद मुकदमा दर्ज करने में कथित रूप से टालमटोल किए जाने का आरोप है।
मामला पत्रकार प्रेस क्लब तक पहुंचने के बाद संगठन से जुड़े पत्रकारों ने थाना प्रभारी समेत उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया। इसके बाद कई दिन बीतने पर मिर्जामुराद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ घर की छत पर पथराव, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




