भदोही कोतवाली में पुलिस ने दुर्गा पूजा समितियों और डीजे संचालकों के साथ की बैठक, सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
भदोही। नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए भदोही पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को भदोही कोतवाली परिसर में दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों और डीजे संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल और क्षेत्राधिकारी सुमित त्रिपाठी ने उपस्थित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजनों के दौरान डीजे और साउंड सिस्टम का संचालन सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही किया जाएगा। निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दुर्गा पूजा समितियों और डीजे संचालकों को नियमों का पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
अपर पुलिस अधीक्षक ने चेतावनी दी कि दूसरे जिलों से आने वाले डीजे संचालक यदि निर्धारित नियमों का पालन नहीं करते हैं, तो उन्हें जिले की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने सभी दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं डीजे संचालकों से आपसी सहयोग बनाए रखने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की। बैठक में करीब 50 दुर्गा पूजा समितियों के कार्यकर्ता और डीजे संचालक शामिल हुए। पुलिस प्रशासन ने सभी से नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने का आह्वान किया।




