वानर सेना की पहल और जनसहयोग से जुटाए गए 12 लाख रुपये से अधिक; प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से भी मिली सहायता की स्वीकृति
रिपोर्ट विवेक राय
जौनपुर। जिले के सुजानगंज क्षेत्र के सबेली गांव निवासी दिलीप मिश्रा के किडनी ट्रांसप्लांट के लिए आर्थिक संकट के बीच जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने मदद का हाथ बढ़ाया। राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी ने दिलीप के इलाज के लिए तीन से साढ़े तीन लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके बाद वानर सेना के संरक्षण में अजीत प्रताप सिंह की पहल और जनसहयोग से आर्थिक मदद जुटाने का अभियान आगे बढ़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समाचार पत्र हिन्दुस्तान में 24 और 25 सितंबर को प्रकाशित रिपोर्टों में दिलीप मिश्रा के किडनी ट्रांसप्लांट के लिए 12 लाख रुपये से अधिक की धनराशि जुटाए जाने का उल्लेख किया गया। इस अभियान में करीब 650 लोगों ने अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दिया। वहीं, प्रधानमंत्री राहत कोष से तीन लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से एक लाख रुपये की सहायता स्वीकृत होने की भी जानकारी सामने आई।
दिलीप मिश्रा के इलाज के लिए शुरू हुई यह मुहिम सामाजिक एकजुटता और मानवीय संवेदना की मिसाल बनकर सामने आई। राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी की आर्थिक सहायता के साथ अजीत प्रताप सिंह, वानर सेना और आम नागरिकों के योगदान ने संकट से जूझ रहे परिवार को संबल प्रदान किया। इस पहल ने साबित किया कि सामूहिक प्रयासों से जरूरतमंद परिवारों की बड़ी मुश्किलों को कम करने में मदद मिल सकती है।
दिलीप मिश्रा के इलाज के लिए सहयोग करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के प्रयासों की सराहना की जा रही है। सांसद सीमा द्विवेदी, अजीत प्रताप सिंह, वानर सेना तथा अभियान से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही दिलीप मिश्रा के शीघ्र स्वस्थ होने और उनके बेहतर भविष्य की कामना की गई।




