
भारत सरकार के निर्देश पर पाक नागरिकों की वापसी तेज, 7 दिनों में 911 ने छोड़ा भारत
नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार की सख्ती के चलते अटारी-वाघा सीमा को गुरुवार को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। दोनों देशों के नागरिकों की आवाजाही पर पूर्ण विराम लग गया है। सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार को किसी भी देश का कोई नागरिक सीमा पार नहीं कर सका।
बुधवार तक की जानकारी के अनुसार, कुल 125 पाकिस्तानी नागरिक अटारी-वाघा बॉर्डर के जरिए भारत छोड़ चुके थे। इसी के साथ पिछले एक सप्ताह में भारत से लौटने वाले पाकिस्तानी नागरिकों की संख्या बढ़कर 911 हो गई है।
वहीं, बुधवार को 15 भारतीय नागरिक, जिनके पास वैध पाकिस्तानी वीजा था, पाकिस्तान गए। अब तक कुल 23 भारतीय नागरिक पाकिस्तान जा चुके हैं।
गौरतलब है कि पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने सभी अल्पकालिक वीजा पर आए पाकिस्तानी नागरिकों को जल्द से जल्द देश छोड़ने का निर्देश दिया था। इसके चलते अटारी-वाघा सीमा पर भारी भीड़ देखी गई, जो अब पूर्ण रूप से बंद कर दी गई है।