
महिला कार्यकर्ती ने थाने में दी तहरीर, पुलिस जांच में जुटी
चौबेपुर (वाराणसी)। स्थानीय भगवानपुर गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र को चोरों ने निशाना बनाया। चोर केंद्र में घुसकर सोलर पैनल, बैटरियां, स्ट्रीट लाइटें, पंखा, बर्तन सहित कई जरूरी सरकारी दस्तावेज चुरा ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की।
यह आंगनबाड़ी केंद्र रिलायंस फाउंडेशन के सहयोग से निर्मित हुआ था। केंद्र में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ती नंदिता यादव ने थानाध्यक्ष को दिए गए तहरीर में बताया कि 18 जून को दोपहर 12 बजे वह केंद्र बंद कर अपने घर चली गई थीं। अगले दिन सुबह करीब 6 बजे गांव के कुछ लोगों ने फोन कर सूचना दी कि केंद्र की रसोईघर की खिड़की टूटी हुई है।
सूचना मिलते ही कार्यकर्ती मौके पर पहुंचीं और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि चोर सोलर पैनल, पावर चार्जर, चार बैटरियां, तीन स्ट्रीट लाइटें, एक पंखा, बर्तन और महत्वपूर्ण दस्तावेज व रजिस्टर लेकर फरार हो गए हैं।
इस चोरी की घटना से आंगनबाड़ी केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। कार्यकर्ती नंदिता यादव ने पुलिस से जल्द से जल्द जांच कर दोषियों को पकड़ने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है।