
कैबिनेट की बैठक में तीन बड़े फैसले : आगरा में बनेगा अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र, पुणे मेट्रो विस्तार और झरिया मास्टर प्लान को मंजूरी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में देश के विकास से जुड़े तीन महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने आगरा के सिंगना में अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र (सीआईपी) के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र की स्थापना, पुणे मेट्रो परियोजना के विस्तार और झारखंड के झरिया क्षेत्र में भूमिगत आग से निपटने के लिए संशोधित मास्टर प्लान पर मुहर लगा दी।
आगरा में खुलेगा अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के सिंगना क्षेत्र में करीब 111 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र की स्थापना की जाएगी। यह केंद्र दक्षिण एशिया के लिए सीआईपी का क्षेत्रीय केंद्र होगा। इसका उद्देश्य आलू और शकरकंद की उत्पादकता बढ़ाने, बेहतर प्रबंधन तकनीक विकसित करने और खाद्य एवं पोषण सुरक्षा को मजबूत करना है। साथ ही, यह किसानों की आय में वृद्धि और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में अहम भूमिका निभाएगा।
पुणे मेट्रो विस्तार को 3,626 करोड़ की मंजूरी
बैठक में महाराष्ट्र के पुणे में मेट्रो रेल परियोजना के विस्तार के लिए 3,626 करोड़ रुपये के निवेश को भी स्वीकृति दी गई। इससे शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी, जिससे नागरिकों को सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी और ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
झरिया मास्टर प्लान को नया रूप, 5,940 करोड़ का संशोधित प्रस्ताव स्वीकृत
झारखंड के धनबाद जिले के झरिया कोयला क्षेत्र में दशकों से जारी भूमिगत आग की समस्या से निपटने और प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए 5,940 करोड़ रुपये की लागत वाला नया झरिया मास्टर प्लान स्वीकृत किया गया है। इस संशोधित योजना में पुनर्वासित परिवारों के लिए सतत आजीविका के अवसर, कौशल विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया गया है।
आपातकाल की निंदा और लोकतंत्र रक्षकों को श्रद्धांजलि
कैबिनेट बैठक की शुरुआत में आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा में बलिदान देने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी कि बैठक में दो मिनट का मौन रखा गया। उन्होंने कहा कि सरकार लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्ध है और संविधान की भावना को बनाए रखने वाले सभी नागरिकों को नमन करती है।
भारतीय अंतरिक्ष यात्री को शुभकामनाएं
कैबिनेट ने भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को एक्सिओम मिशन 4 का हिस्सा बनने पर बधाई दी। वह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक जाने वाले पहले भारतीय बनने की राह पर हैं। मंत्री वैष्णव ने कहा कि वह 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं के प्रतिनिधि बनकर अंतरिक्ष की ओर अग्रसर हैं।